X
शामली- मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA) ने अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को मंडलायुक्त सहारनपुर की प्रेरणा और एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीना के आदेशानुसार, प्राधिकरण की टीम ने शामली विकास क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 15 बीघा में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया, जबकि दुकानों और एक बैंकट हॉल को सील कर दिया गया।
प्राधिकरण की टीम ने सबसे पहले ग्राम बनत में महिला डिग्री कॉलेज के पास सुमित कुमार द्वारा करीब 08 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया। इसके बाद टीम ग्राम गोहरनी पहुंची, जहां बुद्धू उर्फ प्रदीप द्वारा लगभग 07 बीघा जमीन पर बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण ने इन दोनों स्थलों पर लगभग 15 बीघा भूमि को अवैध निर्माण से मुक्त कराते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
ध्वस्तीकरण के साथ-साथ प्राधिकरण ने अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर भी शिकंजा कसा। ग्राम बनत में अनिल जैन द्वारा खसरा संख्या 1740, 1170/2 व 1168 पर लगभग 160 वर्गमीटर में निर्मित 12 व्यावसायिक दुकानों को सील कर दिया गया। वहीं, ग्राम गोहरनी में बाईपास क्रॉस के पास सुखपाल सिंह द्वारा करीब 09 बीघा में बिना अनुमति निर्मित किए गए एक विशाल बैंकट हॉल के विरुद्ध भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
एमडीए अधिकारियों के मुताबिक, इन सभी अवैध निर्माणों के विरुद्ध पूर्व में नियमानुसार नोटिस जारी कर चालानी कार्रवाई की गई थी। ध्वस्तीकरण और सीलिंग के आदेश पहले ही निर्गत हो चुके थे, लेकिन भू-स्वामियों ने स्वयं अवैध निर्माण नहीं हटाया, जिसके बाद आज यह बड़ी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित पूरी टीम और संबंधित थानों का भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com












