X
मुजफ्फरनगर- विकास प्राधिकरण (MDA) ने अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए कॉलोनी काटने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ अपना रुख और कड़ा कर लिया है। सोमवार को प्राधिकरण की टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लगभग 27,400 वर्ग मीटर (करीब 40 बीघा) भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मंडलायुक्त सहारनपुर के निर्देशों और एमडीए उपाध्यक्ष श्रीमती कविता मीना के कड़े रुख के बाद हुई इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
भगवान परशुराम जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटा ब्राह्मण समाज, आज बैठक में लिए कई निर्णय
एमडीए सचिव के अनुसार, जिन स्थलों पर आज ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई, उनके विरुद्ध पूर्व में ही नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। चालानी कार्यवाही के उपरांत भू-स्वामियों को स्वयं अवैध निर्माण हटाने के आदेश दिए गए थे, लेकिन प्राधिकरण के आदेशों को ठेंगे पर रखकर निर्माण कार्य जारी रखा गया। सोमवार को एमडीए की प्रवर्तन टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर अवैध रूप से खड़ी की गई दीवारों, सड़कों और अन्य निर्माणों को मिट्टी में मिला दिया।
प्राधिकरण की कार्रवाई मुख्य रूप से जोन-4 के अंतर्गत आने वाले रुड़की रोड और बाईपास मार्ग पर केंद्रित रही। रुड़की रोड से पानीपत जाने वाले मार्ग पर फ्लाई ओवर के समीप अमित मान द्वारा विकसित की जा रही 3000 वर्ग मीटर की अवैध प्लॉटिंग को ढहा दिया गया। वहीं, इसी मार्ग पर नरेश बंसल उर्फ बंटी और भूषण ठाकुर की लगभग 5500 वर्ग मीटर की अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चला।
मुज़फ्फरनगर- गाँधी कॉलोनी बारात घर का हुआ विस्तार, एक नया डाइनिंग हॉल समाज को समर्पित, बेहद कम खर्च में कर सकेंगे बुक
कार्रवाई का सिलसिला यहीं नहीं रुका, पानीपत-खटीमा मार्ग पर शिव अवतार ठाकुर द्वारा लगभग 8500 वर्ग मीटर में काटी जा रही अवैध कॉलोनी को भी ध्वस्त कर दिया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई सहारनपुर-देहरादून बाईपास के साइड रोड पर हुई, जहाँ वीरपाल, रामबीर, पीताम्बर, बाबूराम, अमरीश और सतेन्द्र फौजी आदि द्वारा बिना किसी स्वीकृत मानचित्र के लगभग 10,400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी।
एमडीए की इस महा-कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता और प्राधिकरण की पूरी प्रवर्तन टीम मुस्तैद रही। सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित थानों का पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। प्राधिकरण सूत्रों का कहना है कि शहर के विकास के नाम पर आम जनता को गुमराह कर अवैध कॉलोनियां काटने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के अवैध निर्माणों को चिन्हित कर उन पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














