मुजफ्फरनगर कमला नेहरू वाटिका में पेड़ों के कटान पर भड़की क्रांति सेना, नगर पालिका में भ्रष्टाचार का आरोप

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- शहर के कमला नेहरू वाटिका में हरे-भरे पेड़ों के अवैध कटान का मामला गरमाता जा रहा है। बुधवार को क्रांति सेना महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और चौथी बार ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

रातों-रात पेड़ काटकर बेचने का आरोप

पूनम चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि नगर पालिका मुजफ्फरनगर में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि कमला नेहरू वाटिका में रातों-रात कीमती पेड़ काटकर गायब कर दिए गए और उन्हें कहां सप्लाई किया गया, इसका किसी को पता नहीं है। उन्होंने इस पूरे मामले में नगर पालिका ईओ, चेयरमैन और ठेकेदारों की मिलीभगत होने की आशंका जताई है।

पूनम चौधरी ने हैरान करने वाला दावा करते हुए कहा कि जिन ठेकेदारों ने रातों-रात पेड़ काटकर बेचे, नगर पालिका प्रशासन ने उन्हीं को दोबारा सफाई और अन्य कार्यों के ठेके दे दिए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बढ़ावा क्यों दिया जा रहा है?

पूनम चौधरी ने बताया कि यह चौथी बार है जब वे इस मामले में ज्ञापन दे रही हैं। उन्होंने अधिकारियों पर जांच रोकने और भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया। हालांकि, जिलाधिकारी ने इस बार उन्हें जांच कराकर सख्त कार्रवाई करने का पूरा आश्वासन दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई, तो क्रांति सेना और शिवसेना परिवार मिलकर बड़ा धरना-प्रदर्शन और मोर्चा निकालेंगे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com