होली है- मंत्री कपिल देव ने ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों संग बांटी खुशियां, खिलाई गुजिया

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- होली के उल्लास के बीच जहां पूरा शहर रंगों और अपनों के साथ जश्न में डूबा था, वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसने खाकी की थकान को मुस्कान में बदल दिया। अपनी परंपरा को निभाते हुए मंत्री जी ने इस बार की होली उन जांबाज पुलिसकर्मियों के नाम की, जो अपनी खुशियों का त्याग कर तपती धूप और धूल के बीच सड़कों पर मुस्तैद थे।

मुजफ्फरनगर- ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के संग राज्यमंत्री कपिल देव ने मनाई होली, गुजिया खिलाकर बांटी खुशियां

शिव चौक से महावीर चौक तक उमड़ा प्रेम का रंग

शहर के हृदय स्थली शिव चौक और महावीर चौक सहित विभिन्न प्रमुख चौराहों पर जब मंत्री कपिल देव अग्रवाल का काफिला पहुंचा, तो नजारा बदल गया। मंत्री जी ने प्रोटोकॉल किनारे रख, ड्यूटी पर तैनात सिपाही से लेकर बड़े अधिकारियों तक को गले लगाया और उन्हें अपने हाथों से पारंपरिक गुजिया खिलाकर मुंह मीठा कराया। मंत्री के इस आत्मीय व्यवहार को देखकर ड्यूटी पर तैनात जवानों के चेहरे खिल उठे और कुछ पलों के लिए चौराहों पर उत्सव जैसा माहौल बन गया।

इस मौके पर भावुक होते हुए कपिल देव अग्रवाल ने कहा, “जब पूरा समाज अपने परिवार के साथ घर में पकवानों का आनंद लेता है, तब हमारे पुलिसकर्मी अपनी खुशियों की कुर्बानी देकर हमारी सुरक्षा के लिए सड़कों पर खड़े होते हैं। इनकी कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के कारण ही हम चैन से त्योहार मना पाते हैं। आज इनके साथ समय बिताना मेरे लिए गर्व की बात है।”

मंत्री ने पुलिस बल के साहस की सराहना करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर की शांति व्यवस्था बनाए रखने में इन जवानों का बड़ा योगदान है। मिठाई वितरण के बाद उन्होंने समस्त जनपदवासियों को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं। मंत्री की इस ‘अनूठी पहल’ की चर्चा अब पूरे शहर में हो रही है, जिसे जनता एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि की पहचान मान रही है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News