मुजफ्फरनगर- ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच मिडिल ईस्ट में छिड़ी भीषण जंग का असर अब मुजफ्फरनगर की गलियों और घरों में भी दिखने लगा है। जनपद के सैकड़ों युवा इजरायल, दुबई और सऊदी अरब जैसे देशों में रोजी-रोटी के लिए गए हुए हैं। युद्ध के बिगड़ते हालातों के बीच इन परिवारों की नींद उड़ी हुई है। अपनों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में ‘इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर’ (कंट्रोल रूम) सक्रिय कर दिया है।
24 घंटे खुला रहेगा कंट्रोल रूम
जिला प्रशासन ने युद्ध प्रभावित देशों में फंसे मुजफ्फरनगर के निवासियों की जानकारी जुटाने और उनके परिवारों की मदद के लिए विशेष हेल्पलाइन जारी की है। अब कोई भी व्यक्ति टोल-फ्री नंबर 1077 पर कॉल कर अपने परिजनों की स्थिति के बारे में जानकारी दे सकता है या सरकारी मदद की गुहार लगा सकता है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा।
मुज़फ्फरनगर पहुंचे एडीजे मेरठ जोन भानु भास्कर व एसएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ रात्रि में किया पैदल मार्च
एडीएम फाइनेंस गजेंद्र कुमार ने बताया कि वैश्विक स्तर पर कुछ देशों में उत्पन्न असामान्य परिस्थितियों के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम संचालित किया गया है। उन्होंने कहा, “1077 टोल-फ्री नंबर के अलावा लैंडलाइन और मोबाइल नंबर भी 24×7 सक्रिय हैं। यदि जनपद का कोई भी व्यक्ति विदेश में फंसा हुआ है, तो उनके परिजन तुरंत इन नंबरों पर संपर्क करें। शासन के निर्देशानुसार उन्हें हर संभव सरकारी मदद मुहैया कराई जाएगी।” प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत नंबरों पर ही संपर्क करें।
मुजफ्फरनगर के खतौली, चरथावल और शहर के कई इलाकों से बड़ी संख्या में लोग खाड़ी देशों में काम करते हैं। युद्ध की खबरों के बीच परिजनों का कहना है कि वे लगातार संपर्क में हैं, लेकिन वहां के बिगड़ते हालात उन्हें डरा रहे हैं। प्रशासन की इस पहल से अब इन परिवारों को एक उम्मीद की किरण दिखी है।
📞 नोट कर लें ये जरूरी नंबर:
टोल-फ्री नंबर: 1077
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














