नगर पालिका बोर्ड की ऐतिहासिक बैठक; 290 करोड़ का बजट पास, कंपनी बाग में टॉय ट्रेन, मेरठ रोड़ का होगा सौंदर्यीकरण

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- नगर पालिका परिषद के टाउनहॉल सभाकक्ष में शनिवार को आयोजित बोर्ड बैठक ने शहर के विकास का नया इतिहास लिख दिया है। चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में मात्र 20 मिनट चली इस बैठक में 159 प्रस्तावों वाला भारी-भरकम एजेंडा सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। पालिका ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 290.34 करोड़ का मूल बजट और 486.76 करोड़ की महत्वाकांक्षी विकास योजना को हरी झंडी दे दी है।

शहर को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

इस बजट की सबसे बड़ी खासियत शहर का कायाकल्प है। पालिका प्रशासन ने शहरवासियों को कई सौगातें देने का मन बना लिया है। शनिवार को नगर पालिका की बोर्ड बैठक में नगर के कायाकल्प और सौन्दर्यकरण के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर मोहर लग गई है। जिसमें जानसठ ओवरब्रिज के नीचे बास्केटबॉल कोर्ट और गांधी कॉलोनी ओवरब्रिज के नीचे ओपन जिम बनाया जाएगा। शहर के प्रमुख रास्तों (मेरठ रोड, रुड़की रोड और कच्ची सड़क) पर 5.5 करोड़ की लागत से भव्य गेट बनाए जाएंगे। इसके साथ ही नगर के कंपनी बाग में 1.20 करोड़ की लागत से टॉय ट्रेन और सौंदर्यकरण का कार्य होगा। तो वहीं शहर के तीनों ओवरब्रिजों पर आकर्षक CNC कटिंग और लाइटिंग की जाएगी।

चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने टाउनहॉल परिसर में भगवान परशुराम का भव्य स्मारक स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी सभासदों ने एक सुर में स्वीकार किया। इस भव्य स्मारक पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा शहर में 300 से अधिक नई सड़कों और जल निकासी के लिए भारी बजट आवंटित किया गया है।

बैठक में अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बजट विवरण प्रस्तुत किया। बताया गया कि पालिका के पास फिलहाल 266 करोड़ से अधिक का अवशेष है और अगले वर्ष के अंत तक सभी खर्चों के बाद भी पालिका के खजाने में करीब 70 करोड़ रुपये शेष रहेंगे। बैठक में एमएलसी वंदना वर्मा का स्वागत किया गया। कुल 55 में से 45 सभासद बैठक में मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में वार्ड 20 के सभासद हनी पाल के निधन पर शोक व्यक्त किया गया।

मीनाक्षी स्वरूप नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा, “यह नगरपालिका के इतिहास की सबसे बड़ी विकासपरक कार्ययोजना है। हमारा लक्ष्य मुजफ्फरनगर को आधुनिक सुविधाओं से लैस और सुंदर बनाना है। जैसे ही ये योजनाएं धरातल पर उतरेंगी, शहर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। हमने हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास का ध्यान रखा है।”

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News