मुजफ्फरनगर- शहर के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पश्चिमी गौशाला मौहल्ले में मकान की खरीद-फरोख्त को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हिंदू संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन पर समझौते का पालन न कराने का आरोप लगाते हुए सोमवार को एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। समिति का साफ कहना है कि यदि तय शर्तों के अनुसार मकान खाली नहीं कराया गया, तो वे एक बार फिर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वीडियो देखें- हिन्दू बस्ती में दूसरे समुदाय के घर ख़रीदने पर हिन्दू नेताओं के साथ मौहल्लेवासियों का प्रदर्शन, मंगलवार को करेंगे हनुमान चालीसा का पाठ
दरअसल, विवाद की शुरुआत बीती 20 जनवरी को हुई थी, जब हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने पश्चिमी गौशाला मोहल्ले में एक मकान के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ कर धरना दिया था। समिति का आरोप था कि एक हिंदू बहुल बस्ती में मुस्लिम समाज के व्यक्ति ने मकान खरीदा है, जहाँ बाहरी लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। समिति ने इसे ‘लैंड जिहाद’ की साजिश करार देते हुए कड़ा विरोध जताया था।
मामले को शांत कराने के लिए नगर मजिस्ट्रेट पंकज राठौर और सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई थी। नरेंद्र पंवार (अध्यक्ष, हिंदू संघर्ष समिति) के अनुसार, उस समय यह लिखित सहमति बनी थी कि 20 फरवरी तक संबंधित मकान को खाली कर दिया जाएगा और बाद में इसकी बिक्री हिंदू समाज के ही किसी व्यक्ति को कर दी जाएगी।
सोमवार को एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत से मुलाकात के दौरान नरेंद्र पंवार ने आरोप लगाया कि समझौते की समय सीमा बीते कई दिन हो चुके हैं, लेकिन मकान खाली नहीं किया गया। अब मुस्लिम पक्ष मकान खाली करने से साफ इंकार कर रहा है। समिति के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि प्रशासन की ढील के कारण मोहल्ले में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी सिटी ने समिति के पदाधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुना और मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और पुराने समझौते के पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














