NCERT की फर्जी किताबें छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश 8 शातिर गिरफ्तार

मुज़फ्फरनगर- पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने NCERT की फर्जी किताबें छापकर अलग अलग राज्यों में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के 8 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया हैं गिरफ्तार किए गए अपराधियों के पास से पुलिस ने 3 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी किताबें, प्रिंटिंग मशीनें और अन्य सामग्री जब्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने इस गुडवर्क के लिए पुलिस टीम को एक लाख रुपये के इनाम से पुरस्कृत किया है।

मुजफ्फरनगर में थाना खतौली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मेरठ, पानीपत और मुजफ्फरनगर में छापेमारी कर NCERT की फर्जी किताबें छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। इस संगठित गिरोह की जड़ें मेरठ और पानीपत तक फैली थीं, जहां NCERT की किताबें अवैध तरीके से छापी जाती थीं और कई राज्यों में सप्लाई की जाती थीं।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खतौली थाना क्षेत्र के अलकनंदा होटल के पास संदिग्ध गाड़ियों को रोका, जिनकी तलाशी में सैकड़ों फर्जी किताबें, स्याही और प्रिंटिंग का सामान बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्तों ने मेरठ समालखा, पानीपत और ग्राम भैसी में गोदाम और प्रिंटिंग प्रेस की जानकारी दी। पुलिस ने वहां छापा मारकर भारी मात्रा में फर्जी किताबें और प्रिंटिंग मशीनें जब्त कीं। गिरोह का मास्टरमाइंड आदिल मेवाती समेत 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से कई पर पहले से संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह की गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने पानीपत स्थित प्रिंटिंग प्रेस को भी सील कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने प्रेस वार्ता में इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया और पुलिस टीम को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की।

Leave a Comment

Related News