मुजफ्फरनगर में झूठी शान के खातिर अपनों का खून बहा देने वाला एक मामला सामने है। जहाँ एक पिता ने अपने बेटे के साथ मिलकर इज्जत की ख़ातिर पहले तो अपनी बेटी की गला घोट कर हत्या की और उसके बाद पेट्रोल से शव को जलाकर जंगल में ठिकाने लगा दिया था। जनपद के क़स्बा ककरौली थाना क्षेत्र स्थित कटिया गांव के जंगल में 3 जून को एक युवती का जला हुआ शव पुलिस को बरामद हुआ था। जिसके बाद जब पुलिस ने शव की पहचान के लिए अपनी जांच शुरू की तो मृतका के हाथ में पहने हुए कड़े की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से पुलिस ने कटिया गांव निवासी 23 वर्षीय सरस्वती के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले को लेकर मृतका के परिजनों से जब सख्ती के साथ पूछताछ की तो सारा मामला दूध की तरह साफ हो गया।

पूछताछ के दौरान मृतक युवती के पिता राजवीर और भाई सुमित ने बताया कि मृतक युवती सरस्वती का कई जगह प्रेम प्रसंग चल रहा था और उसकी शादी भी दो जगह हुई थी। जिसके चलते उन्हें गांव में अपनी बेज्जती का एहसास होता था इसी के चलते पिता और पुत्र दोनों ने मिलकर 30 मई की रात सरस्वती की पहले तो गला घोट कर हत्या की और उसके बाद मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाल कर उसके शव को जलाकर गांव के पास स्थित जंगल में ठिकाने लगा दिया था। इज्जत की ख़ातिर बेटी की हत्या के इस मामले में पुलिस पिता राजवीर और भाई सुमित को गिरफ्तार कर धारा 103(1) ,238 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।













