मुज़फ्फरनगर में लगने वाले जाम का इंतज़ाम होता दिखने लगा है। एकतरफ लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है तो वहीं अब 3-4 अंडरग्राउंड पार्किंग भी बनने जा रही हैं जिसका खुलासा स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने आज कर दिया है।
मुजफ्फरनगर- सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर जनपद का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट, तहसील सदर, नगरपालिका परिषद और खंड विकास कार्यालय (बीडीओ ऑफिस) का औचक निरीक्षण किया। कमिश्नर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनता के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्ट्रेट और तहसील में ‘ग्राउंड रिपोर्ट’ की जांच
कलेक्ट्रेट निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने न्यायिक अनुभाग, नजारत और रिकॉर्ड रूम की गहन जांच की। उन्होंने सेवा पुस्तिकाओं और मानव संपदा पोर्टल पर डेटा अपडेट रखने के निर्देश दिए। विशेष रूप से रिकॉर्ड रूम की जर्जर इमारत को देखते हुए उसे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
मुज़फ्फरनगर पहुँचे कमिश्नर ने नगर पालिका का निरीक्षण किया, नगरवासियों की गन्दे पानी और पार्किंग की समस्या का होगा निदान…
तहसील सदर में कमिश्नर ने खुद ‘फीडबैक कॉल’ कर हकीकत जानी। उन्होंने समाधान दिवस रजिस्टर से दो पीड़ितों के नंबर निकालकर उनसे फोन पर बात की। जहां एक पीड़ित ने कार्यवाही पर संतोष जताया, वहीं दूसरे ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, जिस पर कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय की सबसे पुरानी पत्रावली को एक माह के भीतर निस्तारित करने का लक्ष्य दिया।
नगरपालिका टैक्स वसूली में तेजी लाने के निर्देश
नगरपालिका परिषद के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने गृहकर (House Tax) और जलकर की वसूली की समीक्षा की। लक्ष्य से कम वसूली पाए जाने पर उन्होंने मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। नगरपालिका अध्यक्षा मीनाक्षी स्वरूप की मौजूदगी में उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और लेखा विभाग का भी जायजा लिया। हालांकि, वह पालिका की सामान्य व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए। खंड विकास कार्यालय (सदर) में कमिश्नर ने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में देरी पर नाराजगी जताई और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा सहित जनपद के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।
नगर को मिलेगी 3 अंडरग्राउंड पार्किंग
नगर के विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही गंदे पानी की शिकायतें मीडिया को लगातार काफ़ी समय से मिल रही थी। जिसके विषय में कमिश्नर से बताया जिसके बाद उन्होंने त्वरित कार्यवाही करते हुए नगर पालिका प्रशासन को निर्देशित किया और जल्दी से जल्दी स्वच्छ पेय जल की आपूर्ति के आदेश दिए। वहीं नगर पालिका परिषद के चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप से नगर में पार्किंग की समस्या पर बातचीत की गई तो उन्होंने कहा जल्द ही मुज़फ्फरनगर में 3 अंडरग्राउंड पार्किंग बनने जा रही हैं जिससे नगर की भीड़ कम होगी और अतिक्रमण पर भी लगाम लग जाएगा। साथ ही उन्होंने मीडिया से बताया नगर के तीनों फ्लाईओवर की रेलिंग भी बदलवाने पर विचार चल रहा है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













