मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित व्यस्तम महावीर चौक पर मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। सड़क किनारे नारियल का ठेला लगाकर परिवार का पेट पालने वाले एक 22 वर्षीय युवक को अनियंत्रित वैगनआर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भागने में सफल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रिजवान (22 वर्ष) पुत्र टिंडा, निवासी जनपद बरेली के रूप में हुई है। रिजवान मुजफ्फरनगर में रहकर नारियल पानी का ठेला लगाता था। मंगलवार सुबह वह महावीर चौक के पास अपने काम में व्यस्त था, तभी एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ठेला चकनाचूर हो गया और रिजवान काफी दूर जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और घायल के परिजनों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुँचाया। मृतक के परिजनों और मकान मालिक नदीम का आरोप है कि आरोपी कार चालक पहले तो मानवता दिखाते हुए उनके साथ अस्पताल तक गया, लेकिन जैसे ही उसे युवक की मौत का अहसास हुआ, वह अस्पताल परिसर से अपनी दूसरी गाड़ी में बैठकर फरार हो गया। अस्पताल पहुँचने से पहले ही रिजवान दम तोड़ चुका था।
युवक की मौत की खबर मिलते ही बरेली से आए परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुँची थाना सिविल लाइन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाली वैगनआर कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के मकान मालिक नदीम ने बताया कि रिजवान एक मेहनतकश युवक था जो बरेली से यहाँ रोजी-रोटी कमाने आया था। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी चालक की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













