X बंद करें

सीएम योगी करेंगे मुज़फ्फरनगर का दौरा, रोजगार मेले का करेंगे शुभारंभ- कपिल देव

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें मुजफ्फरनगर आने का आमंत्रण दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जल्द ही मुजफ्फरनगर आने की सहमति प्रदान की। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे के दौरान मुजफ्फरनगर में एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसका शुभारंभ स्वयं मुख्यमंत्री करेंगे।

इस रोजगार मेले के माध्यम से जिले के हजारों युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और युवाओं के लिए रोजगार सृजन के प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आगे जानकारी दी कि मुख्यमंत्री मोरना शुगर मिल के विस्तारीकरण सहित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी कर सकते हैं। इस परियोजना से क्षेत्र के गन्ना किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। मंत्री कपिल देव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और रोजगार के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।

उनका मुजफ्फरनगर दौरा जिले के विकास, उद्योग और युवाओं के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर जल्द ही प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू की जाएंगी और जिले के लोग उनके स्वागत के लिए उत्साहित हैं।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News