मुजफ्फरनगर- गांधी कॉलोनी लिंक रोड स्थित देवोपम किड्स गार्डन में गुरुवार को वार्षिकोत्सव ‘उड़ान-2026’ का भव्य और रंगारंग आयोजन किया गया। गरिमामय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी अद्भुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सैकड़ों अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्षा मीनाक्षी स्वरूप, होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल प्रवेंद्र दहिया, भाजपा नेता सुखदर्शन सिंह बेदी और ‘मुजफ्फरनगर व्यूज’ के संपादक प्रशांत खत्री सहित स्कूल डायरेक्टर राजीव मुंजाल व प्रिंसिपल नेहा अरोरा ने मां सरस्वती एवं संस्थापक स्व. श्री अमरनाथ जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
वंदे मातरम् के गायन के बाद मंच पर बच्चों की प्रतिभा का सैलाब उमड़ पड़ा। श्री गणेश वंदना और कथक के साथ शुरू हुए कार्यक्रमों में आर्मी डांस, गर्ल्स एम्पावरमेंट डांस और चार युगों पर आधारित स्किट ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। विशेष रूप से अकबर-बीरबल स्किट और महाशिवरात्रि डांस की प्रस्तुति देखकर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यूकेजी के बच्चों के फेयरवेल डांस ने माहौल को भावुक कर दिया।
संस्कारयुक्त शिक्षा ही हमारी पहचान- राजीव मुंजाल
नगरपालिका अध्यक्षा मीनाक्षी स्वरूप ने बच्चों के आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए कहा कि देवोपम किड्स गार्डन बच्चों की प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन काम कर रहा है। स्कूल डायरेक्टर राजीव मुंजाल और प्रिंसिपल नेहा अरोरा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य बच्चों को केवल साक्षर बनाना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारयुक्त और आत्मविश्वास से भरपूर शिक्षा देना है ताकि वे अपने सपनों की सफल ‘उड़ान’ भर सकें।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुजफ्फरनगर व्यूज के सम्पादक प्रशांत खत्री, भाजपा नेता कुश पूरी, ऋतु मुंजाल, साधना मेहता, मुकुल दुआ, अमित पटपटिया, हिमाँशु कौशिक, सोहेल, कमला भगत और प्रदीप अरोरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नेहा छाबड़ा, शिवानी और समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया गया। अंत में मेधावी बच्चों को पुरस्कार और अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com












