मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में बवाल: सुरक्षा गार्डों ने छात्र को बेल्टों और कुर्सियों से पीटा, धरने पर बैठे छात्र

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

​मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना मंसूरपुर क्षेत्र स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार रात एक छात्र की सुरक्षा गार्डों द्वारा बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित छात्रों ने शनिवार को कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज मैनेजमेंट इस गंभीर मामले में टालमटोल कर रहा है।

क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी 2026 की रात 2020 बैच के इंटर्न छात्र डॉक्टर दीपांशु सैनी अपनी बाइक लेकर कॉलेज के गेट से अंदर जा रहे थे। गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोका, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद आधा दर्जन से अधिक गार्डों ने दीपांशु को घेर लिया और लटा-लटा कर पीटना शुरू कर दिया।

बेल्ट, वाइपर और कुर्सियों से किया हमला

​प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा गार्डों ने दीपांशु को न केवल गेट के बाहर, बल्कि अंदर ले जाकर भी बेरहमी से मारा। छात्रों का कहना है कि गार्डों ने जो हाथ लगा—बेल्ट, वाइपर, टेबल और कुर्सियों—उसी से छात्र पर हमला कर दिया। चश्मदीद छात्रों के मुताबिक, इस दौरान कॉलेज मैनेजमेंट के कुछ जिम्मेदार लोग और सिक्योरिटी हेड भी वहां मौजूद थे, लेकिन किसी ने छात्र को बचाने का प्रयास नहीं किया।

मैनेजमेंट के रवैये से छात्र आक्रोशित

​पीडित छात्र के समर्थन में उतरे साथी डॉक्टरों का कहना है कि जब भी छात्रों पर जुर्माना (Fine) लगाना होता है, तो मैनेजमेंट तुरंत नोटिस जारी कर देता है, लेकिन जब छात्र के साथ इतनी बड़ी घटना हुई, तो अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि मैनेजमेंट की ओर से उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है और कहा जा रहा है कि “तुम्हें रात भर बैठना है तो बैठो, अभी कोई कार्रवाई नहीं होगी”।

पुलिस की कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मंसूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाइक खड़ी करने को लेकर सुरक्षा गार्डों और छात्र के बीच विवाद हुआ था। कॉलेज मैनेजमेंट की ओर से दोषी गार्डों के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है और वर्तमान में मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News