मुजफ्फरनगर- गतदिवस नई मंडी क्षेत्र की दो फर्मों पर सेंट्रल जीएसटी और सीमा शुल्क विभाग ने छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। जिससे मुज़फ़्फ़रनगर के व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। सेंट्रल जीएसटी विभाग की ये टीम दिल्ली और मेरठ से आई थी। यह टीम रेलवे लाइन के पास स्थित सरिया और कंस्ट्रक्शन सामग्री बेचने वाली दो फर्मों पर पहुंची। जानसठ पुल के नीचे स्थित इन फर्मों पर जांच दोपहर में शुरू हुई जो लगभग एक घंटे तक चली। कार्रवाई के बाद जीएसटी टीम वहां से आवश्यक दस्तावेज लेकर वापस चली गई।

छापेमारी के बाद दोनों फर्मों के संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि विभागीय टीम लोहे के कारोबार में हो रही जीएसटी चोरी से जुड़े लिंक की जांच कर रही है। मुजफ्फरनगर के स्थानीय केंद्रीय जीएसटी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली और मेरठ से आई टीम ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी। फिलहाल जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है।














