X
मुजफ्फरनगर- भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस को जनपद में एक भव्य उत्सव के रूप में मनाने के लिए संगठन ने कमर कस ली है। आगामी 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलने वाले सात दिवसीय विशेष अभियान की रूपरेखा तय करने हेतु मंगलवार को गांधीनगर स्थित जिला कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान तय किया गया कि जिला मुख्यालय से लेकर बूथ स्तर तक ध्वजारोहण, स्वच्छता अभियान और सघन जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सह संयोजक गजेंद्र मावी उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस की शुरुआत 6 अप्रैल को जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण के साथ होगी। इसके बाद सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराएंगे और घर-घर जाकर भाजपा सरकार की नीतियों व उपलब्धियों से जनता को अवगत कराएंगे। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला महामंत्री संजय गर्ग को जिला संयोजक, जबकि उपाध्यक्ष श्वेता कौशिक और मंत्री दिनेश पुंडीर को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने वैश्विक परिस्थितियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर भय का माहौल है, लेकिन आम जनमानस अफवाहों पर ध्यान न दे। उन्होंने आश्वस्त किया कि भारत सरकार तेल, गैस और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्थापना दिवस पर प्रत्येक घर तक पहुँचें और ‘विकास और विश्वास’ के पर्याय बन चुकी भाजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुँचाएं।
जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने पार्टी के वैचारिक इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सरकार लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और तपस्या का परिणाम है। स्थापना दिवस सप्ताह के दौरान जनपद में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, स्वच्छता अभियान और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर सक्रिय सदस्य सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व विधायक उमेश मलिक, वंदना वर्मा, संजय गर्ग, विजय प्रजापति सहित भारी संख्या में जिला कार्यसमिति के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













