मुजफ्फरनगर- बढ़ते वायु व जल प्रदूषण तथा दिल्ली से आने वाले प्रतिबंधित कचरे (आरडीएफ) के विरोध में मंगलवार को जनपद के जट मुझेड़ा गांव में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की ओर से ग्रामीणों के साथ एक बड़ी पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में औद्योगिक इकाइयों द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण और दिल्ली से लाए जा रहे आरडीएफ को लेकर तीखा विरोध दर्ज कराया गया।
पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने जिला प्रशासन और औद्योगिक इकाइयों को चेतावनी देते हुए कहा कि जब दिल्ली में आरडीएफ नहीं जलाया जा सकता, तो उसे मुजफ्फरनगर में जलाने की अनुमति कैसे दी जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दिल्ली से आने वाला आरडीएफ किसी भी सूरत में मुजफ्फरनगर में नहीं आने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से अपील की कि वे प्रदूषित जल का बहाव तत्काल बंद करें और पर्यावरणीय नियमों का पालन करें।
टिकैत ने किसानों और ग्रामीणों की चिंताओं को सामने रखते हुए कहा कि प्रदूषण से खेती, पशुधन और मानव स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने आंदोलन को मजबूत करने की बात कही और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की। पंचायत में भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान पंचायत में एसडीएम सदर तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पंचायत के बाद क्षेत्र में प्रदूषण और आरडीएफ को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे स्वच्छ पर्यावरण और स्वास्थ्य की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे, जबकि प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।













