Breaking
14 Sep 2025, Sun

शुक्रतीर्थ में विकास कार्यों की समीक्षा व स्वच्छता अभियान के साथ मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने देवी अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति समारोह में किया मार्गदर्शन

मुज़फ्फरनगर- पवित्र तीर्थनगरी शुक्रतीर्थ में उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने क्षेत्र में चल रहे बहुआयामी विकास कार्यों की गहन समीक्षा की और इसके उपरांत पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान-2025 के अंतर्गत आयोजित विशेष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभाग किया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सबसे पहले शुक्रतीर्थ के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, घाटों और यातायात मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, घाटों के किनारे सुरक्षा रेलिंग, पेयजल व्यवस्था, शौचालय निर्माण, एवं साइनबोर्ड्स आदि की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों नगर पंचायत, सी एन डी एस एवं पर्यटन के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि- “शुक्रतीर्थ केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है। यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धा-पूर्ण वातावरण मिलना चाहिए।”

मंत्री ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु सड़कों के चौड़ीकरण, घाटों पर रैम्प, सीढ़ियों की मरम्मत, व दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के पश्चात मंत्री कपिल देव ने देवी अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित सभा में भाग लिया, जहाँ उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की वो महान विभूति थीं, जिन्होंने शासन को सेवा का माध्यम बनाया। उनके द्वारा निर्मित काशी विश्वनाथ मंदिर, गंगा घाट, द्वारका, प्रयाग और रामेश्वर जैसे तीर्थ स्थलों का पुनर्निर्माण आज भी उनकी धर्मनिष्ठा और लोकसेवा भावना का जीवंत प्रमाण है।

मंत्री ने उपस्थित नागरिकों, छात्रों, महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को देवी अहिल्याबाई के जीवन से प्रेरणा लेकर निःस्वार्थ सेवा, सामाजिक समरसता, नारी सशक्तिकरण एवं नैतिक प्रशासन के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। इसके पश्चात मंत्री कपिल देव ने शुक्रतीर्थ के प्रमुख घाटों पर चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। इस अभियान में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, सफाईकर्मियों और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक सहभाग किया। मंत्री कपिल देव ने स्वयं घाट की सफाई में सहभाग कर ‘स्वच्छता ही सेवा’ का सशक्त संदेश दिया।

अंत में मंत्री अग्रवाल ने गंगा तट पर आयोजित सांध्यकालीन गंगा आरती में भाग लिया। भव्य दीपमालाओं, वेदघोष और भक्ति संगीत के बीच उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं विकास की मंगलकामना की। आरती में अनेक संत, महंत, एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, महामंडलेश्वर महाराज गोपाल दास, स्वामी अंनत देव महाराज, राजकुमार शर्मा,धर्मेंद्र शर्मा, महिकर, तरुण पाल, अरुण पाल, अजय सागर, अचित मित्तल, अमित राठी आदि मौजूद रहे।

By muzaffarnagarviews

ताजा समाचार, मुजफ्फरनगर VIEWS, MUZAFFARNAGAR NEWS, MUZAFFARNAGAR CITY, MZN NEWS, समाचार फ़टाफ़ट, मुजफ्फरनगर न्यूज़, मुजफ्फरनगर समाचार, मुख्य समाचार, MUZAFFARNAGAR VIEWS, DIGITAL NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *