मुजफ्फरनगर- मिलावटी तेल– होली के पर्व पर मिलावटखोरों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार के सख्त अभियान के तहत शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। सहारनपुर मंडल की टीम ने पुलिस बल के साथ वेहलना चौक स्थित काव्य ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारकर भारी मात्रा में मिलावटी तेल बरामद किया और फैक्ट्री को पूरी तरह सील कर दिया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वी.के. राठी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने तेल माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। टीम ने छापेमारी के दौरान 8000 लीटर तेल, टैंकरों में भरा हुआ सरसों का तेल और राइस ब्रान ऑयल सीज किया, जिसकी कीमत लगभग ₹11.23 लाख बताई जा रही है। साथ ही 250 टीन पैक्ड ऑयल, पैकिंग के लिए तैयार तेल की 250 टीन सीज की गईं, जिनकी कीमत करीब ₹4.68 लाख है। कुल मिलाकर करीब 16 लाख रुपये का माल मौके पर ही सीज कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम को भारी अनियमिताएं मिलीं। विभाग ने सरसों के तेल के 3, राइस ब्रान ऑयल के 4 और मौके पर पकाए जा रहे ‘संदिग्ध रंग’ का 1 नमूना (कुल 8 नमूने) संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। कार्रवाई के बाद फैक्ट्री मालिक विक्रांत मित्तल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश पर हुई इस कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वी.के. राठी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनंत कुमार, डॉ. अश्वनी कुमार और डॉ. विशाल चौधरी की टीम शामिल रही। अधिकारियों का कहना है कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावट करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













