मुजफ्फरनगर- बुढ़ाना क्षेत्र में देररात चलता ट्रक बना आग का गोला, ड्राइवर ने छलांग लगाकर बचाई अपनी जान

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- जनपद के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग पर दौड़ते एक कैंटर ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गनीमत रही कि ड्राइवर ने समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, लोनी निवासी ड्राइवर गुलफाम मुजफ्फरनगर की एक पेपर मिल में माल उतारकर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह बुढ़ाना मार्ग पर पहुँचा, तभी ट्रक के निचले हिस्से में शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी उठी और देखते ही देखते ट्रक ‘आग का गोला’ बन गया। ट्रक को चलता छोड़ ड्राइवर ने अपनी जान बचाने के लिए नीचे छलांग लगा दी।

बीच सड़क पर धू-धू कर जलते ट्रक को देख राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और मार्ग पर यातायात थम गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची। अग्निशमन दल ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था।

घटना के बाद सहमे हुए ड्राइवर गुलफाम ने बताया, “मैं मुजफ्फरनगर से पेपर मिल का माल डालकर लोनी जा रहा था। अचानक ट्रक के नीचे से शॉर्ट सर्किट हुआ और आग पकड़ ली। आग इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। मैंने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई।”

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News