मुजफ्फरनगर- (छापेमारी) जनपद में घटिया और नकली कीटनाशकों के कारोबार पर नकेल कसने के लिए भारत सरकार की केंद्रीय टीम ने जिले में दस्तक दी है। फरीदाबाद स्थित केंद्रीय कीटनाशक प्रयोगशाला (CIL) की टीम ने स्थानीय कृषि विभाग के साथ मिलकर बहादरपुर, जानसठ और पुरकाजी समेत कई इलाकों में मैराथन छापेमारी की। इस कार्रवाई से फैक्ट्री मालिकों और दुकानदारों में दिनभर भगदड़ मची रही।
फरीदाबाद से आए अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने जिले की 7 प्रमुख पेस्टीसाइड यूनिट्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कच्चे माल, स्टॉक रजिस्टर और तैयार उत्पादों के मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई। प्रमुख रूप से बहादरपुर स्थित श्री चक्रधर पेस्टीसाइड, जानसठ रोड की नॉर्दन पेस्टीसाइड, जानसठ की ज्योति एग्रो केमिकल, पुरकाजी खादर की रेड जोन
बेहड़ा अस्सा की टेराग्रीन और दो अन्य इकाइयों पर कार्यवाही की गई है।

बाजारों में भी खलबली, दुकानों से भरे सैंपल
फैक्ट्रियों के साथ-साथ टीम ने कूकड़ा स्थित प्रमुख बीज भंडारों पर भी छापा मारा। इनमें शाकुंभरी बीज भंडार, गर्ग बीज भंडार और गंगा पेस्टीसाइड जैसी बड़ी दुकानों पर जांच की गई। कई दुकानदार टीम को देखते ही शटर गिराने की कोशिश करते नजर आए।
इस बड़ी कार्रवाई का नेतृत्व फरीदाबाद (भारत सरकार) के के.एल. मीणा ने किया। टीम में सहारनपुर मंडल के उपकृषि निदेशक यतेंद्र सिंह और मुजफ्फरनगर के जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया मुख्य रूप से शामिल रहे। टीम ने कुल 7 संदिग्ध सैंपल कलेक्ट किए हैं जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया ने बताया कि जिले में कुल 10 ठिकानों पर सघन चेकिंग की गई है। उन्होंने कहा, “कुल 7 सैंपल लिए गए हैं। हालांकि मौके पर कोई बड़ी अनियमितता नहीं दिखी है, लेकिन असली स्थिति लैब रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। यह अभियान पूरे वेस्ट यूपी में चलाया जा रहा है ताकि किसानों को गुणवत्तापरक पेस्टीसाइड मिल सके। मानकों का उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।”
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














