मुज़फ्फरनगर- नगर कोतवाली क्षेत्र के चरथावल रोड़ पर उस समय अचानक अफरा तफरी मच गई जब वहाँ स्थित एक वेस्ट ऑयल के गोदाम में आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि घंटों तक दमकल की टीम आग बुझाने में लगी रही।
चरथावल रोड़ पर नगर के प्रसिद्ध श्रीशनिधाम मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित ईदगाह निकट शामली बस स्टैंड निवासी सुभान सिद्दीकी की नाजिम रेशमा ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में आग लग गयी। मिक्स वेस्ट केमिकल के इस गोदाम में पुराने काले मोबिल ऑइल का भंडारण किया जाता था। आग इतनी भयावह थी कि आसमान में काला धुँआ ही धुँआ दिखाई देता रहा।
मुख़्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने जनकारी देते हुए बताया कि आज सुबह क़रीब 11 बजकर 43 मिनट पर हमें सूचना मिली जिसके बाद तत्काल फ़ायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुँची और आग बुझाने में जुट गई, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि क़रीब 4.30 बजे तक दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में जुटी हुई है।
अग्निशमन अधिकारी ने बताया उक्त विकराल आग को काबू पाने हेतु दमकल विभाग की 6 गाड़ियाँ व 2 निजी गाड़ियाँ जुटी रही और जेनरेटर चलवाकर पानी की पूर्ति मौके पर ही उपलब्ध करवाई गई। यह गनीमत रही कि उक्त हादसे में कोई जानमाल की हानि नहीं हुई।














