मुजफ्फरनगर- शहर कोतवाली क्षेत्र के व्यस्त इलाके में ईद की खरीदारी कर लौट रही एक युवती से पर्स लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आबकारी पुलिस चौकी प्रभारी शशि कपूर और उनकी टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से घेराबंदी करते हुए आरोपी बदमाश को चरथावल बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, पर्स और नकदी बरामद कर ली है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आशीष पुत्र दिनेश, निवासी कृष्णापुरी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई वह चौंकाने वाली है। आशीष के मुताबिक, वह मारपीट के एक पुराने मामले में कोर्ट में तारीख पर आया था। वापसी के दौरान उसने अपने एक दोस्त के साथ बीयर पी। शिव चौक पर दोस्त से अलग होने के बाद जब वह पैदल रुड़की रोड की ओर बढ़ रहा था, तभी उसे सामने से आती युवती फरहा अब्बासी दिखाई दी। नशे और लालच के चलते उसने अचानक युवती का पर्स झपटा और फरार हो गया। आरोपी के भागने की पूरी तस्वीर पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
11 मार्च को हुई इस वारदात के बाद आबकारी पुलिस लगातार सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही थी। फुटेज में आशीष तेजी से दौड़ता हुआ नजर आया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान पुख्ता की और तीन दिन के भीतर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए आरोपी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि दो दिन पूर्व नगर कोतवाली क्षेत्र में युवती से पर्स छीनने की घटना हुई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी का पीछा किया और उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी के पास से लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














