मुजफ्फरनगर- जनपद के जिला चिकित्सालय में भर्ती घायल युवकों का हालचाल जानने पहुंचे स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार रात हुई घटना को एक ‘बड़ी साजिश’ और ‘खराब मानसिकता’ का परिणाम बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि टैक्सी ड्राइवर ने योजनाबद्ध तरीके से अपने साथियों को बुलाकर युवकों पर जानलेवा हमला किया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि अभिषेक गोयल, अनूप सैनी, दीपक मित्तल और उनके साथी (कुल सात लोग) एक शादी समारोह से टैक्सी करके लौट रहे थे। रास्ते में टैक्सी चालक राकिब से किराए के पैसों को लेकर विवाद हुआ। चालक तय रेट से ज्यादा पैसे मांग रहा था। इसी बात पर चालक ने गाड़ी रोक दी और अपने साथियों को फोन करके बुला लिया।
योजनाबद्ध तरीके से किया गया हमला- मंत्री
मंत्री ने घटना की गंभीरता बताते हुए कहा कि सरवट और खालापार क्षेत्र के हमलावर लाठी-डंडों और रॉड से लैस होकर वहां पहुंचे। हमलावरों ने दो युवकों को गाड़ी से बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा, जबकि पांच अन्य युवकों को गाड़ी के अंदर ही बंद कर दिया गया। कपिल देव अग्रवाल ने आशंका जताई कि अगर युवक गाड़ी के शीशे तोड़कर बाहर न निकलते, तो दम घुटने से उनकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने कहा, “अगर गाड़ी के शीशे नहीं टूटते, तो मुजफ्फरनगर में एक बहुत बड़ी और दुखद घटना हो जाती”।
घटना के तुरंत बाद मंत्री ने एसएसपी मुजफ्फरनगर से बात की, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंत्री ने कहा कि यह केवल एक झगड़ा नहीं, बल्कि समाज को तोड़ने और पर्व (रमजान) के माहौल को खराब करने का षड्यंत्र है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी इस गैंगवार की मानसिकता में शामिल होगा, उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














