मुजफ्फरनगर- जिला अस्पताल के बाहर नवजात गोवंश को जलाया, सीएमओ बोले सख़्त कार्यवाही करेंगे

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- (नवजात गोवंश) जनपद के हृदय स्थल कहे जाने वाले जिला अस्पताल परिसर (CMO कार्यालय के पास) से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कूड़े के ढेर में एक नवजात गोवंश अधजली अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में गोसेवक और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए और कड़ा विरोध जताया।

​कूड़े के ढेर में मिला अधजला अवशेष

शनिवार सुबह जब स्थानीय लोगों और गोसेवकों ने कूड़े के ढेर से धुआं उठते देखा, तो पास जाकर देखने पर उनके होश उड़ गए। वहां एक नवजात गोवंश का शव जल रहा था। गोसेवक राहुल धीमान, विक्की सनातनी और अमन कुमार ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और नगर पालिका प्रशासन को दी। गोसेवकों का आरोप है कि यह गोहत्या का सुनियोजित मामला हो सकता है।

जिला अस्पताल के पास नवजात गौवंश जला हुआ मिला, गौसेवकों ने किया अंतिम संस्कार

​जांच में जुटी टीम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

सूचना पर उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमपी सिंह और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस की मौजूदगी में गोवंश के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डॉ. एमपी सिंह ने बताया, “पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि गोवंश की मृत्यु जलने से हुई है या उसे मृत अवस्था में यहाँ लाकर जलाया गया है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

CMO ने जताई नाराजगी, दर्ज होगा मुकदमा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया ने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “यह अत्यंत दुखद और निंदनीय कृत्य है। अस्पताल परिसर के पास इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे हैं ताकि दोषियों की पहचान की जा सके। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।”

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अस्पताल जैसे सुरक्षित क्षेत्र में गोवंश को वहाँ कौन लाया और कूड़े में आग किसने लगाई? क्या यह शहर की शांति भंग करने का कोई षड्यंत्र है? फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जांच में जुटा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com



Related News