मुजफ्फरनगर में हवाई हमले का ‘अलर्ट’, अंधेरे में डूबा शहर और दौड़ पड़ी खाकी; जानें क्या था पूरा माजरा?

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- जनपद में किसी भी आपातकालीन स्थिति और आपदा से निपटने की प्रशासनिक तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार शाम को आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में ‘ब्लैकआउट मॉक ड्रिल’ का व्यापक आयोजन किया गया। शाम ठीक 6:00 बजे जैसे ही पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू हुआ, चारों ओर अंधेरा छा गया और देखते ही देखते पूरा प्रशासनिक अमला युद्धस्तर पर सक्रिय हो उठा। यह अभ्यास महज एक औपचारिकता नहीं थी, बल्कि वास्तविक हवाई हमले जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां पैदा कर अधिकारियों और सुरक्षा टीमों की क्षमता व मुस्तैदी की अग्निपरीक्षा ली गई।

​जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की सीधी निगरानी में चले इस अभियान के दौरान हवाई हमले की स्थिति को दर्शाया गया, जिसमें फायर ब्रिगेड की टीम और आपदा मित्रों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। मलबे और हमले के बीच फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने से लेकर, उन्हें प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर करने तक की हर प्रक्रिया को पूरी सटीकता के साथ अंजाम दिया गया। इसी बीच एक स्थान पर लगी भीषण आग की सूचना पर दमकल कर्मियों ने पलक झपकते ही मौके पर पहुंचकर उसे नियंत्रित किया, जिसने यह साबित कर दिया कि मुजफ्फरनगर प्रशासन किसी भी अप्रत्याशित संकट से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

मुज़फ्फरनगर के समस्त चौराहों पर पर्याप्त पुलिसबल की तैनाती की गई। शुक्रवार को शाम के ठीक 6 बजते ही सायरन की आवाज़ के साथ-साथ सम्पूर्ण नगर में अंधकार छा गया, क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 10-15 मिनट हेतु बंद कर दी गयी और सड़कों पर वाहनों की रफ़्तार थम गई। हालांकि कुछ वाहनों की हेडलाईट भी ऑन दिखाई दी लेकिन चौराहों पर पुलिस के द्वारा बन्द करने की अपील भी की गई।

गतवर्ष भी ऐसा नज़ारा देखने को मिला था जब आतंकी हमले के बाद पड़ौसी देश पाकिस्तान के साथ टकराव जारी था। तब लगभग सम्पूर्ण भारत के कई राज्यों व संवेदनशील क्षेत्रों में ब्लैकआउट व मॉकड्रिल कराया गया था। हालांकि शुक्रवार को हुए मॉकड्रिल से भी आमजनमानस के मस्तिष्क में कई सवाल उमड़ रहे थे। कि अचानक ये मॉकड्रिल क्यों कराई जा रही है। हालांकि डीएम उमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया यह भविष्य में किसी भी हमले के लिए सतर्क होने और अपनी व्यवस्थाओं को परखने के लिए जरूरी कदम है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News