नगर की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर मंत्री कपिल देव अग्रवाल गंभीर, जिलाधिकारी को ड्रेनेज सिस्टम के लिए उच्च स्तरीय टीम गठन के निर्देश

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

मुज़फ्फरनगर- प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने आज नगर की जलभराव और जलनिकासी की पुरानी समस्या को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी मुज़फ्फरनगर को सोमवार को मीटिंग में मिलकर एक समग्र व दीर्घकालिक समाधान हेतु निर्देशित किया। मंत्री कपिल देव ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुज़फ्फरनगर शहर के विभिन्न क्षेत्रों रामलीला टिल्ला, मिमलाना रोड, रामपुरी, जनकपुरी, लद्धावाला, कृष्णपुरी, गाँधीकालोनी, साकेत आदि में लगातार हो रहे जलभराव से आमजनमानस को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जो न केवल जनस्वास्थ्य बल्कि यातायात व्यवस्था और नगर की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।

इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु मंत्री कपिल देव ने जिलाधिकारी को एक उच्च स्तरीय तकनीकी टीम गठित कर एक व्यापक ड्रेनेज सिस्टम की योजना तैयार करने के निर्देश दिये। इस टीम में नगर निकाय, सिंचाई विभाग, जल निगम, लोक निर्माण विभाग, सी एन डी एस, नगर विकास तथा तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मिलित करने का सुझाव दिया गया, जिससे हर पहलू का गहन विश्लेषण कर एक प्रभावशाली योजना बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि यह ड्रेनेज सिस्टम वर्तमान व शहर के परिसीमन, भविष्य की जनसंख्या, वर्षा के बदलते पैटर्न और शहरी विकास को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार डिजाइन किया जाए कि बारिश के दौरान न्यूनतम समय में जल का निकास सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि इस कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

https://www.instagram.com/reel/DL_bDJ2SsTv/?igsh=MmJ6azhkeHd6NHJ0

नगर विधायक कपिल देव ने प्रशासन से यह अपेक्षा जताई कि टीम द्वारा शीघ्र सर्वेक्षण कर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाए, ताकि बजट आवंटन एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया को तत्काल गति दी जा सके। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव ने यह विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में ड्रेनेज सिस्टम के सशक्तिकरण से मुज़फ्फरनगर शहर को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी और आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिलाधिकारी मुज़फ्फरनगर ने उपरोक्त संबंध मे तत्काल अधिशासी अधिकारी वह संबंधित अधिकारियों को आदेशित किया।

Leave a Comment

Related News