X बंद करें

मुजफ्फरनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के 105 लाभार्थियों को मिली सौगात, खातों में पहुँची 1-1 लाख की पहली किस्त

By प्रशांत खत्री

Published On:

X

मुजफ्फरनगर- “उत्तर प्रदेश में वंचितों का सम्मान, हर गरीब को अपना मकान” के संकल्प को दोहराते हुए सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश भर के 90 हजार लाभार्थियों के खातों में 900 करोड़ की धनराशि का डिजिटल अंतरण किया गया। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर जनपद के 105 लाभार्थियों को भी योजना की पहली किस्त के रूप में 1-1 लाख रुपये प्राप्त हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा मौजूद रहे। लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित लाभार्थियों को दिखाया गया। इस दौरान अतिथियों ने पात्र लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि जनपद में अब तक 21,107 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं और योजना के दूसरे चरण (2.0) में अब तक 16,800 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

सोमवार को जारी की गई धनराशि में मुख्य रूप से मुजफ्फरनगर नगर क्षेत्र के 21, चरथावल के 66, खतौली के 15 और मीरापुर के 3 लाभार्थी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत कुल 2.50 लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है, जो तीन किस्तों में लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेजा जाता है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार और डूडा विभाग से आदित्य सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News